जसपुरवासियों को बड़ी सौगात: नए बस अड्डे के निर्माण को मिली रफ्तार, अब अस्थायी फेयर स्टॉपेज से मिलेगी परिवहन विभाग की बसों की सुविधा
जसपुर, 18 जून (समय बोल रहा)। जसपुर की जनता के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से नए बस अड्डे की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों को अब बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उत्तराखंड परिवहन निगम ने जसपुर में नए बस अड्डे के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए विस्तृत निर्माण योजना तैयार करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।
साथ ही, जब तक नए बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक प्रस्तावित नए बस अड्डे के स्थल पर अस्थायी फेयर स्टॉपेज बनाकर उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों के संचालन की व्यवस्था की जाएगी।इस निर्णय के बाद अब यात्रियों को जसपुर के प्रस्तावित नए बस अड्डे (अस्थायी फेयर स्टॉपेज) से ही उत्तराखंड परिवहन निगम की बसें उपलब्ध होंगी।
इससे लोगों को बस पकड़ने के लिए अन्य स्थानों पर भटकना नहीं पड़ेगा और यात्रियों को चढ़ने-उतरने की बेहतर सुविधा मिलेगी।उत्तराखंड परिवहन निगम ने संबंधित अधिकारियों को नए बस अड्डे की विस्तृत निर्माण योजना तैयार करने के साथ-साथ अस्थायी फेयर स्टॉपेज पर यात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा टिकट व्यवस्था, बसों के ठहराव और संचालन को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के उपाध्यक्ष विनय कुमार रुहेला ने इस निर्णय पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जसपुर की जनता की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने कहा कि नए बस अड्डे के निर्माण से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था मजबूत होगी और व्यापार, शिक्षा तथा अन्य कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।स्थानीय लोगों ने भी सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे जसपुर के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
लोगों का कहना है कि नए बस अड्डे के निर्माण और तब तक अस्थायी फेयर स्टॉपेज से बस संचालन शुरू होने से हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और परिवहन व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित हो जाएगी।

