गदरपुर पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, विधायक अरविंद पांडे संग वाटर स्पोर्ट्स का लिया आनंद
गदरपुर, 13 जून 2026 (समय बोल रहा)।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जनपद के गदरपुर क्षेत्र में आयोजित होने वाली अंतर्राष्ट्रीय क्याकिंग एवं कैनोइंग प्रतियोगिता की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान गदरपुर विधायक अरविंद पांडे भी उनके साथ मौजूद रहे।निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर की जा रही तैयारियों की जानकारी अधिकारियों से ली तथा प्रतियोगिता से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने मौके पर वाटर स्पोर्ट्स का आनंद भी लिया और आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेल अवसंरचना को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के आयोजन से उत्तराखंड को खेलों की नई पहचान मिलेगी। साथ ही ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में साहसिक खेलों की अपार संभावनाएं हैं और सरकार इन संभावनाओं को धरातल पर उतारने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गदरपुर विधायक अरविंद पांडे के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने उनके बच्चों को आशीर्वाद दिया और परिवारजनों से भेंट की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

