कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने पंतनगर में बायोटेक भवन का किया लोकार्पण, कृषि उत्पादकता बढ़ाने पर दिया जोर
पंतनगरपंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय परिसर में आज कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने जैव प्रौद्योगिकी परिषद मुख्यालय के बायोटेक भवन का लोकार्पण किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रगीत वंदेमातरम के साथ हुआ।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री बत्रा ने कहा कि कृषि क्षेत्र में जैव प्रौद्योगिकी की भूमिका बेहद अहम है और इससे उत्पादकता में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने वैज्ञानिकों से रसायन रहित खेती को बढ़ावा देने और आधुनिक तकनीकों पर आधारित नई प्रजातियों के विकास की अपील की।इस अवसर पर मंत्री ने परिषद द्वारा विकसित उत्पादों—नैनो उर्वरक, हर्बल ग्रीन टी, हर्बल साबुन, समरानी कप और मशरूम अचार—का विमोचन कर उन्हें जनता को समर्पित किया। इसके साथ ही उन्होंने बायोटेक भवन की प्रयोगशालाओं और पुस्तकालय का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।कार्यक्रम में निदेशक बायोटेक डॉ. संजय कुमार ने परिषद की गतिविधियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं यूसीबी निदेशक ने बताया कि परिषद का उद्देश्य शोध कार्यों को किसानों, युवाओं और उद्यमियों तक पहुंचाना है।इस दौरान राजेश शुक्ला और प्रगतिशील किसान डॉ. एस.एस. गौरैया ने भी अपने विचार रखे। कार्यक्रम में कई प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया गया।अंत में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया, जिसमें मंत्री बत्रा ने रुद्राक्ष का पौधा लगाया।इस अवसर पर डॉ. समीना मेहताब, डॉ. रविंद्र सिंह, डॉ. के.सी. वर्मा, डॉ. रत्ना राय, डॉ. आर.के. शर्मा, डॉ. आशुतोष मिश्रा, डॉ. गुरविंदर सिंह, डॉ. सुमित पुरोहित सहित कई वैज्ञानिक, अधिकारी और शोधार्थी उपस्थित रहे।

