दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों पर प्रशासन सख्त, जिले में गठित हुई पेयजल जनित संक्रमण अनुश्रवण समिति
रुद्रपुर, 18 सितंबर 2026 (समय बोल रहा)
दूषित पेयजल से फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम, जांच और निगरानी के लिए जिले में जनपद स्तरीय पेयजल जनित संक्रमण अनुश्रवण समिति का गठन किया गया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने शासन के निर्देशों के क्रम में समिति के गठन का आदेश जारी किया है।जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति में स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पंचायती राज और स्थानीय निकायों के अधिकारियों को शामिल किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी को उपाध्यक्ष तथा उत्तराखंड जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को सदस्य सचिव बनाया गया है। इसके अलावा मुख्य चिकित्साधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, नगर निगम रुद्रपुर एवं काशीपुर के नगर आयुक्त, नगर पालिकाओं व नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी तथा पेयजल निगम और जल संस्थान के अधिशासी अभियंता समिति में शामिल हैं।
समिति हर माह पेयजल स्वच्छता और जल गुणवत्ता की समीक्षा करेगी। किसी क्षेत्र में पेयजल जनित संक्रमण की शिकायत या घटना सामने आने पर पानी के स्रोत, टैंक, पाइपलाइन, लीकेज, सीपेज, क्रॉस-कनेक्शन और पेयजल व सीवरेज व्यवस्था के बीच संभावित संपर्क की जांच की जाएगी।जरूरत के अनुसार पेयजल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच, जल स्रोतों और टैंकों की सफाई, फ्लशिंग, ब्लीचिंग व क्लोरीनेशन तथा पाइपलाइनों में तकनीकी खामियों का निस्तारण कराया जाएगा।
संक्रमण की पुनरावृत्ति वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर स्थायी समाधान के लिए कार्ययोजना भी तैयार की जाएगी।वहीं प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप, रोग सर्विलांस, उपचार, दवा वितरण और जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने के लिए आवश्यकता पड़ने पर डोर-टू-डोर सर्विलांस भी कराया जाएगा।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को तत्काल प्रभाव से आदेश का पालन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

