किसानों की समस्याओं पर सीडीओ ने की बैठक, धान खरीद से लेकर यूरिया और सिंचाई व्यवस्था पर दिए निर्देश
रुद्रपुर, 16 सितंबर 2026 (समय बोल रहा)
विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी की अध्यक्षता में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के प्रदेश अध्यक्ष प्रेम सिंह सहोता सहित विभिन्न कृषक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में किसानों की विभिन्न समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।कृषक प्रतिनिधियों ने धान खरीद सत्र के दौरान खरीद केंद्रों पर आने वाली समस्याओं, किसानों के पंजीकरण को सुगम एवं पारदर्शी बनाने और खरीद प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी न होने का मुद्दा उठाया। इस पर सीडीओ ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।सीडीओ ने किसानों की मांग के अनुसार यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए मुख्य कृषि अधिकारी को निर्देश दिए। वहीं सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए नहरों की सफाई, मरम्मत और किसानों को समय से पर्याप्त पानी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।बैठक में गन्ना किसानों के लिए गुणवत्तापूर्ण एवं उन्नत प्रजातियों के बीज की समयबद्ध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा किसानों की विद्युत बिलों से संबंधित समस्याओं को संज्ञान में लेते हुए त्रुटिपूर्ण और लंबित मामलों का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए।सीडीओ ने कहा कि किसानों की उचित मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और वे किसानों की समस्याओं को लेकर उनसे किसी भी समय वार्ता के लिए तैयार हैं।बैठक में एडीएम पंकज उपाध्याय, आरएमओ लता मिश्रा, मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. वीकेएस यादव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, डिप्टी आरएमओ वरुण कुमार सहित किसान प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

