ऊधम सिंह नगर में त्रिस्तरीय पंचायत उपनिर्वाचन की समय-सारणी जारी 30 सितंबर से नामांकन प्रक्रिया शुरू, 12 अक्टूबर को मतदान और 14 अक्टूबर को होगी मतगणना
रुद्रपुर, 26 सितंबर। जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में जनपद की त्रिस्तरीय पंचायतों के रिक्त पदों पर होने वाले उप निर्वाचन-2026 की समय-सारणी जारी कर दी है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सदस्य ग्राम पंचायत, प्रधान ग्राम पंचायत एवं सदस्य क्षेत्र पंचायत के रिक्त पदों पर उप निर्वाचन कराया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से शाम 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र जमा किए जाएंगे।3 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच की जाएगी। 4 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 5 अक्टूबर को प्रातः 10 बजे से कार्य समाप्ति तक निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा।जिला निर्वाचन अधिकारी के अनुसार 12 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से अपराह्न 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा, जबकि 14 अक्टूबर को प्रातः 8 बजे से मतगणना समाप्ति तक मतगणना की जाएगी।उन्होंने बताया कि उप निर्वाचन से संबंधित नाम निर्देशन पत्रों की बिक्री, प्राप्ति, जांच एवं निर्वाचन प्रतीक आवंटन सहित अन्य आवश्यक कार्यवाही संबंधित विकासखंड मुख्यालयों पर की जाएगी।जिलाधिकारी ने यह भी बताया कि जिन ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों में उप निर्वाचन कराया जा रहा है, उनके संबंधित प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता मतगणना की समाप्ति तक प्रभावी रहेगी।

