जसपुर में स्वास्थ्य विभाग की रेड: 8 अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर छापा, 3 को नोटिस”
जसपुर 23 अप्रैल 2026 (समय बोल रहा)
ऊधम सिंह नगर में अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए स्वास्थ्य विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. के.के. अग्रवाल के निर्देश पर 23 अप्रैल 2026 को जसपुर क्षेत्र में 08 अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया, जिसमें 03 केंद्रों को नोटिस जारी किया गया है।निरीक्षण टीम का नेतृत्व मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. धीरेन्द्र मोहन गहलोत ने किया, जबकि PC-PNDT कोऑर्डिनेटर प्रदीप मेहर भी टीम में शामिल रहे।

सबसे पहले टीम ने सीएचसी जसपुर के अल्ट्रासाउंड केंद्र का निरीक्षण किया, जहां यह सामने आया कि रेडियोलॉजिस्ट द्वारा सप्ताह में केवल एक दिन ही सेवा दी जा रही है। इसके बाद गर्ग अल्ट्रासाउंड सेंटर, उर्मिला नर्सिंग होम, अरिहंत हॉस्पिटल, गहलोत नर्सिंग होम, किलकारी हॉस्पिटल और परी हॉस्पिटल सहित अन्य केंद्रों की गहन जांच की गई।निरीक्षण के दौरान 05 केंद्रों पर व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं, लेकिन 03 केंद्रों में अभिलेखों की कमी और रजिस्टर अपडेट न होने पर सुधारात्मक नोटिस जारी किए गए हैं।

संबंधित केंद्रों को 07 दिनों के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।इसके अलावा एक नए अल्ट्रासाउंड केंद्र के पंजीकरण आवेदन की भी जांच की गई, जो निर्धारित मानकों के अनुरूप पाया गया।मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि लिंग जांच जैसे अपराधों पर रोक लगाने के लिए ऐसे निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी निगरानी बढ़ाई जाएगी। जल्द ही अन्य जिलों के साथ मिलकर संयुक्त अभियान चलाया जाएगा।

