41वें जन्मदिन पर चरणजीत सिंह चन्नी का प्रेरणादायक संकल्प, मृत्यु के बाद अंगदान की घोषणा
जसपुर 02 अक्टूबर 2026 (समय बोल रहा)
जिला पंचायत सदस्य चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने 41वें जन्मदिन के अवसर पर एक प्रेरणादायक और मानवीय पहल करते हुए मृत्यु के बाद अंगदान का संकल्प लिया है।
इसके लिए उन्होंने भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अंतर्गत NOTTO (National Organ and Tissue Transplant Organisation) का ऑर्गन डोनेशन प्लेज सर्टिफिकेट भी प्राप्त किया है।प्रमाणपत्र के अनुसार चरणजीत सिंह चन्नी ने चिकित्सकीय विशेषज्ञों द्वारा मृत्यु घोषित किए जाने के बाद अपने हृदय, लिवर और किडनी को चिकित्सकीय उद्देश्य से दान करने की सहमति दी है।
इसके साथ ही आंखों के दान का भी संकल्प लिया गया है।चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने जन्मदिन को केवल उत्सव तक सीमित न रखते हुए समाजहित में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया। उनका कहना है कि अंगदान के माध्यम से मृत्यु के बाद भी किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में नई उम्मीद लाई जा सकती है।
क्षेत्र में एक सक्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बना रहे चरणजीत सिंह चन्नी के इस संकल्प की क्षेत्रवासियों और शुभचिंतकों ने सराहना की। उनके 41वें जन्मदिन पर लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं भी दीं।चरणजीत सिंह चन्नी का यह संकल्प मानवता और समाजसेवा की भावना को दर्शाता है और लोगों को अंगदान के प्रति जागरूक करने की दिशा में एक सकारात्मक पहल माना जा रहा है।

