ऊधम सिंह नगर जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण शुरू: 23 मार्च से 20 मई तक चलेगा अभियान, नए वोटरों को मिलेगा मौका

InShot 20260318 182035721

रुद्रपुर, 18 मार्च 2026 (समय बोल रहा)

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पालिका परिषद सिरौलीकला की निर्वाचन नामावलियों (मतदाता सूचियों) का विस्तृत पुनरीक्षण कार्यक्रम 23 मार्च 2026 से 20 मई 2026 तक संचालित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि नगर निकाय चुनाव को ध्यान में रखते हुए यह पुनरीक्षण कार्य निर्धारित समय-सारणी के अनुसार चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। कार्यक्रम के तहत 23 से 25 मार्च तक संगणकों, पर्यवेक्षकों एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों की नियुक्ति और कार्यक्षेत्र का आवंटन किया जाएगा, जबकि 26 से 27 मार्च तक संबंधित कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

इसके बाद 28 मार्च से 11 अप्रैल तक घर-घर जाकर गणना और सर्वेक्षण किया जाएगा। 12 से 16 अप्रैल तक प्रारूप नामावली की पांडुलिपि तैयार की जाएगी, वहीं 17 अप्रैल से 1 मई तक डाटा एंट्री और फोटो स्टेट का कार्य होगा। 2 मई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन किया जाएगा।3 मई से 9 मई तक नामावली का निरीक्षण तथा दावे और आपत्तियां दर्ज की जा सकेंगी। इसके पश्चात 10 से 14 मई तक इन दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।

15 से 19 मई तक पूरक सूची की डाटा एंट्री की जाएगी और अंत में 20 मई 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।जिलाधिकारी ने बताया कि ऐसे सभी व्यक्ति, जिन्होंने 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर ली है, उनके नाम इस पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि पुनरीक्षण के बाद तैयार की गई यही अंतिम मतदाता सूची आगामी चुनावों में उपयोग में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *