रुद्रपुर में राधा स्वामी सत्संग की तैयारी तेज, 29-30 अगस्त को जुटेंगे हजारों श्रद्धालु; डीएम ने दिए सख्त निर्देश
रुद्रपुर 20 अगस्त 2026 (समय बोल रहा)
राधा स्वामी सत्संग व्यास घर में आगामी 29 और 30 अगस्त को पूज्य बाबा जी एवं हुजूर जी की पावन उपस्थिति में विशाल सत्संग कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।गुरुवार को जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में राधा स्वामी व्यास में समीक्षा बैठक आयोजित हुई।

डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं कार्यक्रम से पहले पूरी कर ली जाएं।उन्होंने बिजली-पानी की निर्बाध आपूर्ति, सड़क एवं सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, गड्ढों की मरम्मत, नालियों की सफाई, डिवाइडरों की पेंटिंग और पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। धूल नियंत्रण के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव करने को भी कहा गया।आपात स्थिति को देखते हुए पर्याप्त एम्बुलेंस और दमकल वाहनों की तैनाती के साथ आसपास के सरकारी और निजी अस्पतालों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को यातायात संबंधी परेशानी न हो, इसके लिए पुलिस को ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था बेहतर रखने के निर्देश दिए गए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि इतने बड़े आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय, एएसपी डॉ. उत्तम सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं राधा स्वामी सत्संग व्यास के पदाधिकारी मौजूद रहे।


