गढ़ीनेगी में विश्व पशु दिवस पर गूंजा जीव दया का संदेश, विद्यार्थियों ने लिया वन्यजीव संरक्षण का संकल्प
काशीपुर/गढ़ीनेगी 05 अक्टूबर 2026 (समय बोल रहा)
विश्व पशु दिवस के अवसर पर श्री गुरु राम दास एकेडमी, गढ़ीनेगी में वन्यजीव संरक्षण, पशु कल्याण और जीव दया को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को हर जीव के प्रति करुणा रखने और पशु-पक्षियों की रक्षा करने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जनपदिया पशु क्रूरता निवारण समिति, DS Bisht Foundation (Fight4Voiceless Group), वन विभाग एवं पशुपालन विभाग के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।एनिमल एक्टिविस्ट प्रथम बिष्ट (प्रकाश) ने विद्यार्थियों को वन्यजीवों के महत्व, पशु क्रूरता से संबंधित कानूनों, ABC Rules 2023 और Five Freedoms की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि वन्यजीव प्राकृतिक संतुलन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं और जंगलों की रक्षा करना उनके आवास को बचाने के बराबर है। उन्होंने विद्यार्थियों से पशुओं के साथ क्रूरता होने पर चुप न रहने और संबंधित विभाग को सूचना देने की अपील की।विद्यालय के प्रधानाचार्य जसवीर सिंह ने कहा कि बच्चों में जीव दया और करुणा के संस्कार बचपन से विकसित किए जाने चाहिए।
वहीं एनिमल एक्टिविस्ट मनीष ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश देते हुए प्रकृति और सभी जीवों के साथ संतुलित व्यवहार की बात कही।वेद अमनदीप सिंह ने जीव दया के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। पशुपालन विभाग के योगेश शर्मा ने विद्यार्थियों को रेबीज से बचाव, एंटी-रेबीज टीकाकरण और पशु के काटने पर समय पर चिकित्सा सहायता लेने की जानकारी दी।गढ़ीनेगी के अधिशासी अधिकारी संजय कुमार ने घायल एवं असहाय पशुओं की सहायता के लिए रिकवरी सेंटर की आवश्यकता पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।
वन विभाग की ओर से विद्यार्थियों को वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे किसी जीव को अनावश्यक कष्ट नहीं देंगे, वन्यजीवों और प्रकृति की रक्षा करेंगे तथा समाज में जीव दया और करुणा का संदेश फैलाएंगे।कार्यक्रम का संदेश रहा—“हर जीवन महत्वपूर्ण है—सम्मान करें, संरक्षण करें, सेवा करें।”

