1 सितंबर से शुरू होगा खेल महाकुंभ-2026, तैयारियों में जुटा प्रशासन

IMG 20260729 WA0053

रुद्रपुर, 29 जुलाई 2026 (समय बोल रहा)

जनपद में 1 सितंबर से आयोजित होने वाले खेल महाकुंभ-2026 की तैयारियों को लेकर विकास भवन में परियोजना निदेशक डीआरडीए हिमांशु जोशी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में खेल प्रतियोगिताओं के सफल एवं पारदर्शी आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

परियोजना निदेशक ने न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर गठित खेल समितियों को शीघ्र बैठक कर खेल मैदानों का चयन, तिथिवार रोस्टर तैयार करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को प्रत्येक खेल मैदान पर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में खेल महाकुंभ के व्यापक प्रचार-प्रसार, अधिक से अधिक खिलाड़ियों के ऑनलाइन पंजीकरण तथा निष्पक्ष प्रतियोगिताएं आयोजित कराने पर विशेष जोर दिया गया। जिला युवा कल्याण अधिकारी बी.एस. रावत ने बताया कि खेल महाकुंभ का उद्देश्य युवाओं और दिव्यांग खिलाड़ियों को खेलों से जोड़ना, नई प्रतिभाओं की पहचान करना तथा प्रदेश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना है।उन्होंने बताया कि अंडर-14, अंडर-19 और दिव्यांग वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।

न्याय पंचायत, विधानसभा और संसदीय क्षेत्र स्तर पर कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, रस्साकशी, मलखंभ सहित कई खेलों का आयोजन किया जाएगा। विजेताओं को मेडल, प्रमाण पत्र और नकद पुरस्कार डीबीटी के माध्यम से दिए जाएंगे।बैठक में एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी, मुख्य शिक्षा अधिकारी हरेंद्र मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे, जबकि कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *