बाजपुर में बिश्नोई बिजनेस समिट का भव्य आयोजन, व्यापार और आत्मनिर्भरता पर हुआ मंथन
बाजपुर 26 जुलाई 2026 (समय बोल रहा)
उत्तराखण्ड बिश्नोई सभा सेवक दल, काशीपुर के तत्वावधान में बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो–2026 के अंतर्गत बिश्नोई बिजनेस समिट–बाजपुर का आयोजन ब्लू स्काई रेस्टोरेंट में भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के व्यापारियों, उद्योगपतियों, स्टार्टअप संस्थापकों और युवा उद्यमियों को एक मंच पर लाकर व्यापारिक सहयोग, निवेश, नवाचार, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना था।कार्यक्रम का शुभारंभ भीमगोड़ा बिश्नोई बाड़ा के महंत स्वामी प्रणवानंद जी महाराज (पी.के. गुरु जी) के सानिध्य में दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामराज बिश्नोई, उपाध्यक्ष उत्तराखण्ड बिश्नोई सभा सेवक दल, काशीपुर ने की। वहीं युवा संत स्वामी सागरानंद जी महाराज ने अध्यात्म और व्यापार के समन्वय पर अपने विचार रखे।मुख्य अतिथि कश्यप कुमार बिश्नोई (देहरादून) रहे, जबकि बिश्नोई ग्लोबल काउंसिल के संस्थापक एवं अध्यक्ष रमेश बिश्नोई (राजस्थान) ने मुख्य वक्ता के रूप में समाज को आर्थिक रूप से संगठित करने, व्यापारिक नेटवर्क विकसित करने और युवाओं को उद्यमिता की ओर प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने 18, 19 और 20 सितंबर को जोधपुर में आयोजित होने वाले बिश्नोई ग्लोबल कन्वेंशन एवं एक्सपो–2026 में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील भी की।दिल्ली से आए इंजी. आर.के. बिश्नोई ने आधुनिक उद्योग, नवाचार और व्यापारिक सहयोग की आवश्यकता पर बल दिया। समिट में व्यापारिक नेटवर्किंग, नए निवेश के अवसर, स्टार्टअप, उद्योग विस्तार और समाज की आर्थिक एकजुटता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।कार्यक्रम में समाज के अनेक उद्योगपति, व्यापारी, व्यवसायी और गणमान्य नागरिकों और मीनु गुप्ता विश्नोई ने भाग लिया। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह समिट समाज में आर्थिक सशक्तिकरण, युवा उद्यमिता और व्यापारिक सहयोग को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगी।

