काशीपुर को 44.36 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने किया लोकार्पण व शिलान्यास
काशीपुर 27 जुलाई 2026 (समय बोल रहा)
काशीपुर नगर निगम सभागार में रविवार को “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी मंत्री एवं परिवहन, सूचना प्रौद्योगिकी, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री प्रदीप बत्रा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में मंत्री ने 31.35 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास तथा 13.01 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण कर काशीपुर को कुल 44.36 करोड़ रुपये की विकास सौगात दी।कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस दौरान विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, मुख्य विकास अधिकारी दिनेश शाशनी सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने मंत्री का स्वागत किया।प्रभारी मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविरों के माध्यम से जनता की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया जा रहा है।मंत्री ने काशीपुर के पुराने रोडवेज बस स्टेशन की बदहाल स्थिति को स्वीकार करते हुए बताया कि नए बस अड्डे के लिए भूमि चयन और हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। जल्द ही टेंडर जारी कर निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। साथ ही जिले में आधुनिक सिटी बस सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम चल रहा है। काशीपुर, जसपुर, रामनगर और खटीमा को जोड़ने के लिए करीब 20 नई बसें, जिनमें इलेक्ट्रिक बसें भी शामिल होंगी, संचालित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि परिवहन निगम द्वारा खरीदी जा रही 200 नई बीएस-6 बसें दिवाली से पहले सड़कों पर उतरनी शुरू हो जाएंगी।कार्यक्रम में नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में सड़क, नाली एवं नाला निर्माण, पार्किंग, ईवी चार्जिंग स्टेशन और वेंडिंग जोन जैसी आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।शिविर में विभिन्न विभागों ने जनसेवा स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। कुल 54 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया। लाभार्थियों को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत चेक, प्रधानमंत्री आवास योजना की चाबियां और अन्य योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया।इस अवसर पर विधायक त्रिलोक सिंह चीमा, महापौर दीपक बाली, राज्य मंत्री सीमा चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष मनोज पाल, नगर आयुक्त रविंद्र सिंह बिष्ट, उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

