जसपुर के कलियावाला और गढ़ी हुसैन में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद
काशीपुर, 20 जून 2026 (समय बोल रहा)। ऊधम सिंह नगर में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए काशीपुर क्षेत्र के ग्राम कलियावाला और ग्राम गढ़ी हुसैन में संयुक्त छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान कुल 115 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई। दो आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि एक मामले में अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।माननीय आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार संयुक्त आबकारी आयुक्त कुमाऊँ मंडल के.के. कांडपाल एवं जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट के निर्देशन में यह अभियान चलाया गया। अवैध कच्ची शराब की बिक्री की शिकायत मिलने पर जनपदीय प्रवर्तन दल, क्षेत्र-04 बाजपुर एवं क्षेत्र-03 काशीपुर की संयुक्त टीम ने काशीपुर के ग्राम कलियावाला और ग्राम गढ़ी हुसैन में एक साथ दबिश दी।

आबकारी टीम ने काशीपुर के ग्राम कलियावाला में कुलदीप सिंह के घर की तलाशी के दौरान 30 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की। इस मामले में संदीप सिंह पुत्र सुरेन्द्र सिंह के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा ग्राम कलियावाला के एक अन्य घर से 50 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद हुई, जिस पर पिंकी कौर पत्नी रोहित सिंह के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम की धारा 60 में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई।वहीं काशीपुर के ग्राम गढ़ी हुसैन में छापेमारी के दौरान 35 लीटर अवैध कच्ची शराब बरामद की गई।

इस मामले में किसी आरोपी की पहचान नहीं हो सकी, जिसके चलते अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।इस संयुक्त अभियान में जिला आबकारी अधिकारी महेन्द्र सिंह बिष्ट, आबकारी निरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, आबकारी निरीक्षक कैलाश भट्ट, आबकारी सिपाही सुमन आर्या, नैनिका राणा सहित जनपदीय प्रवर्तन दल के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे। आबकारी विभाग ने कहा कि जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

