एसएसपी मणिकांत मिश्रा का सख्त संदेश: ट्रांजिट कैंप दुष्कर्म कांड के दोनों आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार
रुद्रपुर/काशीपुर 28 जनवरी 2026 (समय बोल रहा)
जनपद में अपराधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देश पर ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में हुए दुष्कर्म मामले में पुलिस ने बड़ी और त्वरित कार्रवाई की है। घटना के दोनों आरोपियों को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया है।
पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के आदेश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और फील्ड इनपुट के आधार पर तेजी से कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को पहले ही हिरासत में ले लिया था।मामले में प्रयुक्त कार को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है, जो जांच का अहम हिस्सा मानी जा रही है। फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए, ताकि केस को मजबूत किया जा सके और आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।
इसके बाद एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के सहयोग से दूसरे आरोपी फुरकान को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है।
एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने साफ शब्दों में कहा है कि महिलाओं के खिलाफ अपराध किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसे मामलों में पुलिस की कार्रवाई तेज, निष्पक्ष और कानून के दायरे में सख्त होगी।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि पीड़ित को न्याय दिलाने में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य साक्ष्यों का संकलन और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
यह कार्रवाई न केवल पीड़िता को न्याय दिलाने की दिशा में अहम कदम है, बल्कि अपराधियों के लिए स्पष्ट संदेश भी है कि कानून से बचना अब आसान नहीं होगा।

