हिंदी पत्रकार दिवस पर ठाकुरद्वारा में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित
ठाकुरद्वारा 31 मई 2026 (समय बोल रहा)
हिंदी पत्रकार दिवस के अवसर पर शनिवार को ठाकुरद्वारा में पत्रकार प्रेस परिषद भारत एवं पत्रकार क्लब ठाकुरद्वारा के संयुक्त तत्वावधान में भव्य पत्रकार सम्मान समारोह एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों एवं जनपदों से आए पत्रकारों ने प्रतिभाग कर हिंदी पत्रकारिता की गौरवशाली परंपरा को याद किया तथा निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पत्रकार प्रेस परिषद भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ अली एवं उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने पत्रकारों को सम्मानित करते हुए पत्रकारिता के मूल्यों, चुनौतियों और समाज में पत्रकारों की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।
राष्ट्रीय अध्यक्ष आसिफ अली ने कहा कि पत्रकारिता संघर्ष, समर्पण और सत्यनिष्ठा का क्षेत्र है। उन्होंने पत्रकारों से निर्भीक होकर समाज और राष्ट्रहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार सक्सेना ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का चौथा स्तंभ हैं और उनकी जिम्मेदारी समाज की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर ठाकुरद्वारा ब्लॉक प्रमुख डॉ. वीर सिंह ने पत्रकारों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकार अपने दायित्वों का निर्वहन कर देश और समाज को सही दिशा देने का कार्य करते हैं।कार्यक्रम में एसआर म्यूजिकल ग्रुप द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में रवि साहनी, ब्यूरो चीफ बलविंदर साहनी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे।

इसके अलावा महासचिव जगदीश कुमार सक्सेना, अशोक धीमान, अनिरुद्ध चौहान, प्रदीप श्रीवास्तव, देश रतन सिंह चौहान, पुनीत कुमार शर्मा सहित काशीपुर, जसपुर, ठाकुरद्वारा, रुद्रपुर, खटीमा, बनबसा, मुरादाबाद, हापुड़, गाजियाबाद और दिल्ली से आए पत्रकारों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।कार्यक्रम का समापन निर्भीक, निष्पक्ष एवं जनहितकारी पत्रकारिता के संकल्प के साथ किया गया।


