SIR में नोटिस पाने वालों के लिए जरूरी खबर, दावे-आपत्तियों पर होगी पूरी सुनवाई; प्रशासन ने कहा—पैनिक न करें
किच्छा/रुद्रपुर, 23 अगस्त 2026 (समय बोल रहा)
SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) के तहत लॉजिकल डिस्क्रेपेंसी और नो मैपिंग के नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाताओं के दावे और आपत्तियों की सुनवाई प्रक्रिया जारी है। उप जिलाधिकारी एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी गौरव पांडेय ने कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए यह एक सतत प्रक्रिया है।एसडीएम ने स्पष्ट किया कि 13 अगस्त तक प्राप्त दावे और आपत्तियों पर भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई भी चल रही है।

उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि इस प्रक्रिया को लेकर घबराने या पैनिक होने की जरूरत नहीं है।उन्होंने कहा कि प्राप्त सभी दावे और आपत्तियों की निर्धारित समयसीमा के भीतर सुनवाई की जाएगी। सभी पक्षों को अपनी बात रखने का अवसर दिया जाएगा और उपलब्ध साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही नियमानुसार उचित निर्णय लिया जाएगा।एसडीएम गौरव पांडेय ने बताया कि जिन मतदाताओं को नोटिस प्राप्त हुए हैं, वे निर्धारित तिथि तक संबंधित सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के समक्ष उपस्थित होकर अपने साक्ष्य प्रस्तुत कर सकते हैं।

उन्होंने स्पष्ट किया कि समयसीमा समाप्त होने के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।प्रशासन ने संबंधित सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे नोटिस में दी गई तिथि से पहले अपने आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत कर सुनवाई प्रक्रिया पूरी कराएं, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया पारदर्शी और त्रुटिहीन तरीके से पूरी की जा सके।

