मेयर दीपक बाली की समन्वय बैठक, पार्षदों की समस्याएं सुनीं, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
काशीपुर 07 अगस्त 2026 (समय बोल रहा)
नगर निगम सभागार में मेयर दीपक बाली की अध्यक्षता में समन्वय बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। इस दौरान अधिकारियों ने तय समयसीमा के भीतर समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।बैठक में बिजली व्यवस्था से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठे।
बैठक में विद्युत विभाग, जल संस्थान, लोक निर्माण विभाग (PWD), नगर निगम, सिंचाई विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे|
पार्षदों ने ट्रांसफार्मरों का लोड बढ़ाने, नए ट्रांसफार्मर लगाने, सड़कों और नालियों के बीच लगे बिजली के खंभों को हटाने, जर्जर विद्युत पोल बदलने और झूलती बिजली की लाइनों को ठीक कराने की मांग रखी।

पार्षद संजय शर्मा ने अतिक्रमण और बिजली की समस्या के साथ बरसात के मौसम में सांप व अन्य जहरीले जीव-जंतुओं के काटने की घटनाओं को देखते हुए काशीपुर में एंटी-स्नेक वेनम और आवश्यक इंजेक्शनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
इस पर एलडी भट्ट राजकीय चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. दीक्षित ने बताया कि अस्पताल में सभी आवश्यक दवाएं और एंटी-स्नेक वेनम पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं।मेयर दीपक बाली ने अधिकारियों को जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

