टेलीग्राम लिंक के जरिए ₹1.27 लाख की ठगी, काशीपुर कोतवाली में मामला दर्ज
काशीपुर 06 मई 2026 (समय बोल रहा)
ऊधम सिंह नगर के काशीपुर क्षेत्र में टेलीग्राम के माध्यम से ऑनलाइन ठगी का मामला सामने आया है, जहां एक युवक से ₹1,27,000 की धोखाधड़ी कर ली गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अनिल रावत, निवासी कुंडेश्वरी, काशीपुर को 28 अप्रैल 2026 को टेलीग्राम पर “coin LTC” के नाम से एक लिंक भेजा गया।
लिंक पर क्लिक करने के बाद उससे संपर्क कर एक अकाउंट बनाने और उसमें पैसे निवेश करने के लिए कहा गया।आरोपियों ने लालच दिया कि अलग-अलग टास्क पूरे करने पर ज्यादा मुनाफा मिलेगा।
पीड़ित ने झांसे में आकर उसी दिन बताए गए UPI ID पर कुल ₹1,27,000 ट्रांसफर कर दिए।बताया गया कि शुरुआत में ₹5,800 वापस भी मिले, जिससे भरोसा और बढ़ गया। इसके बाद 29 अप्रैल को आरोपियों ने और ₹1 लाख जमा करने का दबाव बनाया और मना करने पर पहले से जमा रकम वापस न करने की बात कही।
पीड़ित द्वारा पैसे वापस मांगने पर आरोपी टेलीग्राम अकाउंट डिलीट कर फरार हो गए।पीड़ित ने इस संबंध में थाना काशीपुर में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

