रिद्धिम अग्रवाल ने लिया मोर्चा: उच्च न्यायालय नैनीताल को मिली धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
नैनीताल 19 फरवरी (समय बोल रहा)
उत्तराखंड के High Court of Uttarakhand को प्राप्त धमकी भरे ई-मेल के बाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। ई-मेल के माध्यम से न्यायालय परिसर को उड़ाने की धमकी मिलने के पश्चात सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से और अधिक कड़ा कर दिया गया है।
मौके पर पहुंचकर कुमाऊँ परिक्षेत्र की पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल ने स्वयं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उनके निर्देशन में न्यायालय परिसर में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
परिसर में श्वान दस्ते, बम निरोधक दस्ता, एक कंपनी प्रांतीय सशस्त्र आरक्षी बल तथा आतंकवाद निरोधक दस्ता तैनात किया गया है, जिससे किसी भी संभावित खतरे से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।प्रशासन द्वारा सुरक्षा के दृष्टिगत न्यायालय परिसर में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर सख्ती बरती जा रही है। केवल अधिकृत पत्र के आधार पर ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है तथा आने-जाने वाले सभी व्यक्तियों का विवरण पंजिका में दर्ज किया जा रहा है।
पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य की उत्तराखंड पुलिस द्वारा राज्य विशेष कार्यबल एवं केंद्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर गहन जांच की जा रही है।

