काशीपुर क्षेत्र में गुलदार की दहशत, वन विभाग ने पिंजरे में किया कैद
काशीपुर 17 जनवरी 2026 (समय बोल रहा)
काशीपुर क्षेत्र में लगातार गुलदार की आवाजाही से दहशत का माहौल बना हुआ है। आज सुबह वन विभाग की टीम ने एक गुलदार को पिंजरे में कैद किया है। पकड़ा गया गुलदार वयस्क मादा बताया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गुलदार को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा।
जिले के रिहायशी इलाकों में पिछले कुछ समय से गुलदार की सक्रियता लगातार बनी हुई है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग को लगातार गुलदार दिखाई देने और हमलों की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद विभाग ने क्षेत्र में पिंजरे लगाए थे। उसी क्रम में आज सुबह गुलदार पिंजरे में फंसा पाया गया।इससे पहले भी काशीपुर क्षेत्र में गुलदार की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
करीब एक महीने पहले काशीपुर के द्रोणासागर टीले पर वन विभाग के पिंजरे में एक गुलदार कैद हुआ था। वहीं बीती 9 जनवरी को काशीपुर के चेती गांव में एक गुलदार ने कुत्ते को अपना निवाला बना लिया था। उस घटना के बाद भी वन विभाग की टीम ने गुलदार को पकड़ने की कार्रवाई की थी।इसके अलावा पंतनगर क्षेत्र में भी एक घर के बाहर गुलदार की मौजूदगी कैमरे में कैद हुई थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई थी।
लगातार सामने आ रही घटनाओं को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह सतर्क है।वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे रात के समय अकेले बाहर न निकलें, बच्चों पर विशेष नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग को दें। अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और क्षेत्र में निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।

