जसपुर नगर पालिका बोर्ड बैठक: 100 फ्रीजर व 200 हैंड पंप लगाने सहित सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
जसपुर, 06 मार्च 2025 (समय बोल रहा) – जसपुर नगर पालिका परिषद की तीसरी बोर्ड बैठक आज पालिका सभागार में संपन्न हुई। बैठक में जसपुर विधायक आदेश सिंह चौहान, पालिका अध्यक्ष नौशाद सम्राट, अधिशासी अधिकारी शाहिद अली सहित सभी वार्ड सभासद मौजूद रहे। बैठक में वर्ष 2025-26 का वित्तीय बजट प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। बजट में 41 करोड़ की आय और 38 करोड़ के व्यय का प्रस्ताव रखा गया।
महत्वपूर्ण प्रस्ताव और निर्णय:
- गर्मी को देखते हुए राहत के उपाय: पूरे जसपुर नगर में 100 फ्रीजर लगाने का निर्णय लिया गया।
- जल संकट से निपटने के लिए: 200 हैंड पंप लगाने का प्रस्ताव पास किया गया।
- सड़क निर्माण: 150 नई सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव पारित हुआ, जिनका एस्टीमेट अभी तैयार किया जाना बाकी है।
- एम्बुलेंस सेवा: सभी धर्मों और वर्गों के लिए दो एम्बुलेंस की व्यवस्था का प्रस्ताव पारित हुआ।
- नहर सौंदर्यीकरण: गर्ग हॉस्पिटल से लेकर मंडवाखेड़े तक नहर के सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव स्वीकृत हुआ।
- स्वच्छता सुधार: शहर में 120 ई-रिक्शा द्वारा गली-गली से कूड़ा उठाने का प्रस्ताव पारित किया गया।
- नालों की सफाई: सभी नालों की तली झाड़ सफाई के लिए प्रस्ताव पास किया गया।
- डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन: नगर पालिका अध्यक्ष ने ठेकेदार को 30 दिन का अल्टीमेटम दिया। यदि इस दौरान कोई शिकायत पाई जाती है, तो कंपनी का टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा।
नगर पालिका अध्यक्ष नौशाद सम्राट ने बैठक के दौरान स्पष्ट किया कि जनता के हित में जो भी फैसले आवश्यक होंगे, वे लिए जाएंगे। इस बैठक के दौरान सभी प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए।