03 करोड़ 10 लाख की स्मैक के साथ अंतरजनपदीय नशा तस्कर सहनवाज गिरफ्तार
रुद्रपुर ,31 जनवरी 2026 (समय बोल रहा)
“नशा मुक्त देवभूमि” अभियान के तहत उधम सिंह नगर पुलिस को एक बड़ी और निर्णायक सफलता हाथ लगी है। कोतवाली किच्छा पुलिस तथा STF/ANTF कुमाऊं यूनिट की संयुक्त कार्रवाई में अंतरजनपदीय नशा तस्कर सहनवाज को गिरफ्तार करते हुए 01 किलो 33 ग्राम स्मैक बरामद की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब ₹03 करोड़ 10 लाख आंकी जा रही है।पुलिस के अनुसार, आरोपी सहनवाज कुमाऊं मंडल में नशे की बड़ी खेप सप्लाई करने की फिराक में था।
लेकिन उससे पहले ही पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स की सतर्कता ने तस्करी की इस बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया। यह कार्रवाई किच्छा क्षेत्र में की गई, जहां संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपी को दबोचा गया।
बरामद की गई स्मैक इतनी मात्रा में थी कि इससे हजारों युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेला जा सकता था। पुलिस की इस कार्रवाई को कुमाऊं क्षेत्र में नशे के नेटवर्क पर अब तक की सबसे बड़ी चोट माना जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय था और उसके संपर्क अन्य राज्यों के नशा तस्करों से भी जुड़े हो सकते हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि स्मैक की यह खेप कहां से लाई गई थी और किन-किन इलाकों में इसकी सप्लाई होनी थी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है।उधम सिंह नगर पुलिस ने साफ शब्दों में कहा है कि जिले में नशा तस्करों के लिए कोई जगह नहीं है।
नशे के खिलाफ अभियान और भी सख्ती से चलाया जाएगा और इस अवैध धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।इस कार्रवाई से न केवल नशा तस्करों में हड़कंप मचा है, बल्कि आम जनता में भी पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। “नशा मुक्त देवभूमि” की दिशा में यह कार्रवाई एक बड़ा और निर्णायक कदम मानी जा रही है।

