मौसम खराब होने के चलते जनपद ऊधम सिंह नगर में 24 जनवरी को स्कूल रहेंगे बंद

Copy of Logo Banner 1 19

काशीपुर 23 जनवरी 2026 (समय बोल रहा)

मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार जनपद ऊधम सिंह नगर सहित राज्य के कई जिलों में 23 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और ठंड बढ़ने की आशंका व्यक्त की गई है।मौसम की इस स्थिति को देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी ऊधम सिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया ने बड़ा फैसला लिया है।

जारी आदेश के अनुसार शनिवार, 24 जनवरी 2026 को जनपद के सभी शासकीय, अशासकीय, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 12 तक के सभी छात्रों के लिए अवकाश घोषित किया गया है। इसके साथ ही सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि खराब मौसम के कारण विशेष रूप से छोटे बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है, इसी को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि बच्चों को किसी भी प्रकार की परेशानी से बचाने के लिए यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि यदि कोई विद्यालय या संबंधित संस्था इस आदेश का उल्लंघन करती है, तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के अंतर्गत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।इस आदेश के अनुपालन को सुनिश्चित कराने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, समस्त उपजिलाधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देशित किया गया है। साथ ही जिला सूचना अधिकारी को आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक यह जानकारी समय रहते पहुंच सके।

प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए बच्चों को घर पर सुरक्षित रखें और अनावश्यक रूप से बाहर न भेजें।समय बोल रहा न्यूज़जनहित में जारी यह आदेश विद्यार्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की सतर्कता को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *