स्कूटी की टक्कर से घायल व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत, अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज
काशीपुर 26 जनवरी 2026 (समय बोल रहा)
तेज रफ्तार स्कूटी की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हुए एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के बेटे की तहरीर के आधार पर अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पंजाबी कॉलोनी, चीमा चौराहा निवासी रमनदीप सिंह पुत्र स्वर्गीय सरदार मंजीत सिंह ने कोतवाली पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उनके पिता सरदार मंजीत सिंह दोपहर लगभग दो बजे अपने बेटे की बाइक से छोटे बेटे सर्वजीत सिंह के घर जा रहे थे। सर्वजीत सिंह क्षत्रिय कॉलोनी, नवीन मंडी के पास रहते हैं और उस समय बीमार चल रहे थे, जिस कारण सरदार मंजीत सिंह उनसे मिलने जा रहे थे।तहरीर के अनुसार, जब वे बड़े गुरुद्वारा के पीछे बॉबी ट्रांसपोर्ट के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक स्कूटी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सरदार मंजीत सिंह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत गंभीर बताई। इलाज के दौरान उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका और अंततः 19 जनवरी को उनकी मौत हो गई।

मृतक के बेटे की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात स्कूटी चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान की जा सके।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही आरोपी को चिन्हित कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

