राज्य मंत्री विनय रुहेला की अध्यक्षता में जसपुर में ‘सेवा सप्ताह’ शिविर, 54 शिकायतों में 38 का मौके पर निस्तारण

IMG 20260709 WA0052

जसपुर, 9 जुलाई 2026 (समय बोल रहा)।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह के तहत विकास खंड कार्यालय जसपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा राज्यमंत्री विनय रुहेला ने की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री विनय रुहेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पांच वर्ष का कार्यकाल सफलतापूर्वक पूरा करने पर बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड लगातार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

1000361995

उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं। पंतनगर एयरपोर्ट विस्तार, किच्छा में एम्स, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, गदरपुर बाईपास और बस अड्डा जैसे कई विकास कार्य प्रदेश की प्रगति के उदाहरण हैं।कार्यक्रम में दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह एवं मुकेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं पर अपने विचार रखे।

शिविर में उद्योग, कृषि, मत्स्य, उद्यान, श्रम, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, गन्ना विकास, स्वास्थ्य, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान कई लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने 85 लोगों की स्वास्थ्य जांच की, महिला एवं बाल विकास विभाग ने 4 महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की, पशुपालन विभाग ने पशुपालकों को दवाइयां दीं तथा 20 लोगों के आधार कार्ड बनाए गए।

शिविर में कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पांडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

1000361994

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *