अचानक कुंडा कोतवाली पहुंचे एसएसपी अजय गणपति, किया औचक निरीक्षण; लंबित विवेचनाओं पर दिए सख्त निर्देश
जसपुर 02 जून 2026 (समय बोल रहा)
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति ने बुधवार को कोतवाली कुंडा का औचक निरीक्षण कर पुलिस कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव तथा लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर की व्यवस्थाओं, स्वच्छता, सुरक्षा प्रबंधों और पुलिस कर्मियों की कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लिया।
एसएसपी ने निरीक्षण के दौरान मालखाना, अभिलेख कक्ष, हवालात एवं शस्त्रागार का निरीक्षण करते हुए अभिलेखों को व्यवस्थित रखने तथा शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कोतवाली परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने और आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।इस दौरान एसएसपी अजय गणपति ने विवेचकों का ऑर्डरली रूम (OR) लेकर लंबित विवेचनाओं की समीक्षा की।

उन्होंने संबंधित विवेचकों को मामलों का शीघ्र, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि किसी भी प्रकरण को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए।निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने कोतवाली कुंडा के अंतर्गत आने वाली विभिन्न पुलिस चौकियों की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।

उन्होंने चौकियों में उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। निर्माण कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।एसएसपी ने कहा कि कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस विभाग लगातार कार्य कर रहा है। जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान, लंबित मामलों के निस्तारण और पुलिस व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ऐसे निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।निरीक्षण के दौरान कोतवाली के अधिकारी एवं पुलिस कर्मी मौजूद रहे।

