काशीपुर में डंपरों का कहर: 24 घंटे में तीन लोगों की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने डंपर में लगाई आग

InShot 20260209 185023940

काशीपुर 09 फरवरी 2026 (समय बोल रहा)

के क्षेत्र में बेलगाम डंपरों ने एक बार फिर जानलेवा रूप दिखाया है।

अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में बीते 24 घंटे के भीतर तीन लोगों की मौत हो गई। इन घटनाओं के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। एक स्थान पर गुस्साए लोगों ने डंपर में आग तक लगा दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह हालात को नियंत्रित किया।

पहली घटना ग्राम ब्रहमनगर, कुंडेश्वरी क्षेत्र की है। यहां ग्राम निवासी 29 वर्षीय अनिल कुमार रविवार रात करीब साढ़े दस बजे अपने साथी के साथ बाइक से घर लौट रहे थे। सामने से आ रहे डंपर को देखकर अनिल ने बाइक सड़क किनारे रोक दी, लेकिन डंपर चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। अनिल का साथी खंती में गिरने से बच गया, जबकि डंपर अनिल के ऊपर चढ़ गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने रातभर धरना दिया और चालक की गिरफ्तारी की मांग की।दूसरी घटना में मूल रूप से शाहजहांपुर निवासी 40 वर्षीय कृष्णकांत की मौत हो गई।

कृष्णकांत पिछले 15 वर्षों से ग्राम कुंडेशरा में रह रहे थे और एक परिचित की दुकान पर काम करते थे। रविवार रात करीब नौ बजे वह यूपी के भोजीपुरा से लौटते समय आलू फार्म रोड पर एक मोमोज ठेले के पास खड़े थे, तभी डंपर ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।तीसरी घटना ग्राम लक्ष्मीपुर लच्छी के पास हुई।

सोमवार सुबह करीब आठ बजे 60 वर्षीय जयपाल सिंह, पुत्र चरण सिंह, बाइक से अपने बेटे के घर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे खनन सामग्री से लदे डंपर ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर में आग लगा दी और दमकल वाहन को भी मौके पर रोक लिया। पुलिस से तीखी नोकझोंक के बाद स्थिति शांत कराई गई।इन हादसों में तीन लोगों की मौत के बाद पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। काशीपुर पुलिस का कहना है कि सभी मामलों की गहराई से जांच की जा रही है।

जल्द ही सभी कोतवाली और चौकी प्रभारियों की बैठक बुलाकर डंपरों की आवाजाही और खनन वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *