कांवड़ यात्रा को लेकर ऊधमसिंहनगर पुलिस अलर्ट, 12 से 15 फरवरी तक भारी वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध

InShot 20260213 084518503 scaled

ऊधमसिंहनगर 13 फरवरी 2026 (समय बोल रहा)

शारदीय कांवड़ यात्रा एवं 15 फरवरी 2026 को महाशिवरात्रि पर्व के मद्देनज़र जनपद ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा के निर्देशन में कांवड़ यात्रा को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने हेतु जनपद में 12 फरवरी से 15 फरवरी तक भारी वाहनों के आवागमन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।

पुलिस प्रशासन के अनुसार यात्रा के दौरान जनपद में भारी संख्या में कांवड़ियों का आगमन होगा, जिसको देखते हुए विभिन्न थाना क्षेत्रों में डाइवर्जन और नो-एंट्री प्लान लागू किया गया है।

काशीपुर, जसपुर, बाजपुर, गदरपुर, रुद्रपुर, पंतनगर, किच्छा, सितारगंज सहित जनपद के सभी प्रमुख थाना क्षेत्रों में भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी।

जसपुर-धर्मपुर बॉर्डर, नादेही बॉर्डर, सूर्या चौकी, प्रतापपुर चौकी, लोहियापुल, बरहैनी, महतोश मोड़, जाफरपुर मोड़, नगला तिराहा, दरऊ चौक, पुलभट्टा एवं एसएच हॉस्पिटल सितारगंज से आगे भारी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ट्रक, डंपर, डीसीएम, पिकअप, ट्रैक्टर-ट्रॉली और खनन वाहन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।

हालांकि दूध, गैस, फल-सब्जी एवं पेट्रोलियम पदार्थ जैसी आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहन सामान्य रूप से संचालित होते रहेंगे।रामपुर से हल्द्वानी सिडकुल की ओर जाने वाले भारी वाहन पूर्व निर्धारित समय (रात्रि 11 बजे से सुबह 7 बजे तक) ही संचालित होंगे।

साथ ही वैकल्पिक रूट के रूप में मुरादाबाद, सम्भल, अनूपशहर, हापुड़, मेरठ, दिल्ली (रुड़की) होते हुए हरिद्वार मार्ग निर्धारित किया गया है।

पुलिस प्रशासन ने आम जनता एवं वाहन चालकों से अपील की है कि निर्धारित डाइवर्जन प्लान का पालन करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। कांवड़ियों की संख्या एवं यातायात दबाव को देखते हुए समय सीमा में परिवर्तन भी किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *