हिंदू नववर्ष पर काशीपुर में RSS का भव्य पथ संचलन, जगह-जगह हुआ स्वागत


काशीपुर ,30 मार्च 2025 (समय बोल रहा )
चैत्र शुक्ल प्रतिपदा के अवसर पर हिंदू नववर्ष संवत 2082 के आगमन पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा नगर में पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकता का परिचय देते हुए भव्य रैली निकाली। कार्यक्रम का आयोजन काशीपुर रामलीला ग्राउंड ,व ग्रामीण मंडल का कार्यक्रम शिवलालपुर अमरझंडा में किया गया था , जहां से पथ संचलन का शुभारंभ हुआ।
नगर में गुंजायमान हुआ राष्ट्रभक्ति का स्वर
पथ संचलन रामलीला ग्राउंड से प्रारंभ होकर चीमा चौराहा, माता मंदिर रोड, रतन सिनेमा रोड, डॉक्टर लाइन, मुल्तानी मोड़, मां मंसा देवी मंदिर, गंगे बाबा रोड, किला बाजार, मेन बाजार होते हुए महाराणा प्रताप चौक पर संपन्न हुआ। नगर के विभिन्न मार्गों पर स्वयंसेवकों के स्वागत में पुष्प वर्षा की गई और कई स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने आरएसएस कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्ष पूर्ण
इस वर्ष राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपने 100 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। इस ऐतिहासिक अवसर पर पूरे देशभर में संघ द्वारा विभिन्न आयोजनों की श्रृंखला चलाई जा रही है। इसी कड़ी में काशीपुर में यह पथ संचलन निकाला गया, जिसमें संघ के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने भाग लिया।
हिंदू नववर्ष का महत्व
कालगणना के अनुसार हिंदू नववर्ष सबसे पुराना नववर्ष माना जाता है। इस दिन ऋतु परिवर्तन होता है और प्रकृति में नवचेतना का संचार होता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पूरे वर्ष में छह उत्सव मनाता है, जिनमें पहला उत्सव हिंदू नववर्ष होता है। इसी दिन संघ के प्रथम सरसंघचालक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार का जन्मदिवस भी मनाया जाता है।
संघ प्रचार प्रमुख ने क्या कहा?
महानगर प्रचार प्रमुख ने बताया कि पथ संचलन में नगर प्रखंड के सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि संघ का उद्देश्य समाज में राष्ट्रभक्ति और संगठन को बढ़ावा देना है। इस प्रकार के आयोजनों से हिंदू संस्कृति और परंपराओं के प्रति नई पीढ़ी को जागरूक किया जाता है।
नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
इस अवसर पर नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और पूरे आयोजन के दौरान राष्ट्रभक्ति का माहौल बना रहा। जगह-जगह लोगों ने संघ कार्यकर्ताओं का स्वागत किया और पूरे नगर में हिंदू नववर्ष की शुभकामनाओं का आदान-प्रदान किया गया।
संघ की बढ़ती लोकप्रियता
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों के सफर को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है। संघ अपने अनुशासन, सेवा कार्यों और राष्ट्रभक्ति के कारण जन-जन तक अपनी पहचान बना चुका है। इस अवसर पर संघ के कार्यकर्ताओं ने देश सेवा और समाज कल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता दोहराई।