काशीपुर में रंगोत्सव होली मिलन समारोह में शामिल हुए पुष्कर सिंह धामी
काशीपुर, 01 मार्च 2026(समय बोल रहा)
नगर निगम परिसर में आयोजित रंगोत्सव होली मिलन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सहभागिता कर जनसमुदाय के साथ होली पर्व की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित लोगों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि होली हमारी समृद्ध लोक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कुमाऊँनी होली, शास्त्रीय होली और भजन गायन में भाग लिया तथा स्थानीय कलाकारों और नागरिकों के साथ होली गीतों का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि यह केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को सुदृढ़ करने का अवसर है।

ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।मुख्यमंत्री ने अपने बचपन की होली की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि गांव की सामूहिक होली में सामाजिक भेदभाव के लिए कोई स्थान नहीं होता था और सभी लोग एक साथ मिलकर उत्सव मनाते थे।

उन्होंने कहा कि आज भी वही एकता और अपनापन इस महोत्सव में देखने को मिल रहा है, जो हमारी सांस्कृतिक जड़ों की मजबूती को दर्शाता है।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
युवाओं से आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी लोकसंस्कृति, लोकगीतों और त्योहारों से जुड़ाव बनाए रखें।मुख्यमंत्री ने काशीपुर के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि क्षेत्र में औद्योगिक विकास, सड़क उन्नयन, पेयजल एवं सीवरेज परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि काशीपुर को एक विकसित, स्वच्छ और समृद्ध नगर बनाने के लिए सरकार पूरी निष्ठा से कार्य कर रही है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को सुख, शांति और समृद्धि से परिपूर्ण होली की शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान त्रिलोक सिंह चीमा, शिव अरोरा, दीपक बाली, विकास शर्मा, अनिल कपूर डब्बू, रवि साहनी, चरनजीत सिंह, राजदीपिका मधुर, शंकर कोरंगा, मुकेश कुमार, मंजीत सिंह, चंद्रप्रभा, मनोज पाल, गुंजन सुखीजा, हरभजन सिंह चीमा, शैलेन्द्र मोहन सिंघल, सायरा बानो, खिलेन्द्र चौधरी, ऊषा चौधरी, राजेश कुमार, नितिन सिंह भदौरिया, अजय गणपति, दिवेश शाशनी, पंकज उपाध्याय, डॉ. के.के. अग्रवाल, सुशील मोहन डोभाल आदि लोग उपस्थित रहें |

