ऑपरेशन प्रहार का बड़ा एक्शन: 71 लाख की स्मैक बरामद, 2 तस्कर गिरफ्तार
ऊधमसिंह नगर 08 अप्रैल 2026(समय बोल रहा)
जनपद ऊधमसिंह नगर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी अभियान के तहत अलग-अलग टीमों ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में स्मैक बरामद कर 2 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस जानकारी के अनुसार, कोतवाली रुद्रपुर पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने 103.4 ग्राम स्मैक बरामद की। वहीं कोतवाली किच्छा पुलिस और एसटीएफ कुमाऊं की टीम ने 133 ग्राम स्मैक के साथ आरोपी को दबोचा।
बरामद स्मैक की बाजार कीमत करीब 71 लाख रुपये आंकी गई है, जो नशा कारोबार के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करती है।कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से नगदी और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन उपकरणों के जरिए तस्करी के नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
पुलिस प्रशासन का कहना है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस कार्रवाई के बाद नशा कारोबार में लिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आम जनता ने भी पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की सराहना की है।


