ऊधमसिंह नगर में 9 मई को राष्ट्रीय लोक अदालत, सैकड़ों मामलों का होगा निस्तारण
रुद्रपुर 09 अप्रैल 2026(समय बोल रहा)
उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार जनपद ऊधमसिंह नगर में 9 मई 2026 (द्वितीय शनिवार) को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
यह आयोजन प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक जिला न्यायालय रुद्रपुर सहित काशीपुर, खटीमा, बाजपुर, जसपुर, सितारगंज एवं किच्छा स्थित न्यायालयों में किया जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र कुमार सागर ने बताया कि लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के मामलों का त्वरित एवं सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन स्तर के मामले जैसे भरण-पोषण, धन वसूली, श्रम विवाद, विद्युत एवं जल बिल, चेक बाउंस (धारा 138 एनआई एक्ट) सहित अन्य सिविल और आपराधिक शमनीय मामलों का समाधान किया जाएगा।
इसके अलावा न्यायालयों में लंबित मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, श्रम विवाद, वैवाहिक मामले (तलाक को छोड़कर), भूमि अधिग्रहण, सेवा संबंधी मामले, राजस्व वाद और मोटर वाहन अधिनियम के चालान भी लोक अदालत में निस्तारित किए जाएंगे।
विज्ञापन

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों को आपसी सहमति से निपटाने के लिए लोक अदालत का लाभ उठाएं।
इच्छुक व्यक्ति संबंधित न्यायालय में या रुद्रपुर स्थित एडीआर केंद्र में आवेदन देकर अपने मामले को लोक अदालत में सूचीबद्ध करा सकते हैं।अधिक जानकारी के लिए नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 या जिला न्यायालय रुद्रपुर स्थित हेल्प डेस्क से संपर्क किया जा सकता है।

