रुद्रपुर रिंग रोड का सांसद अजय भट्ट ने किया निरीक्षण, बोले—शहर को जाम से मिलेगी स्थायी राहत
रुद्रपुर 07 अप्रैल 2026(समय बोल रहा)
रुद्रपुर में निर्माणाधीन रिंग रोड परियोजना का क्षेत्रीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता, प्रगति और समयसीमा को लेकर नेशनल हाईवे के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने कहा कि रुद्रपुर की यह महत्वाकांक्षी रिंग रोड परियोजना शहर के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने बताया कि इसके पूर्ण होने के बाद शहर को लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या से बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही भारी वाहनों का आवागमन शहर से बाहर शिफ्ट होने पर सड़क दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।

उन्होंने आगे कहा कि यह रिंग रोड सिडकुल क्षेत्र के उद्योगों के लिए बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी, जिससे क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।सांसद ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस मौके पर एसडीएम मनीष मिश्रा ने भी परियोजना से जुड़े प्रशासनिक और भूमि संबंधी पहलुओं की जानकारी दी।कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विधायक शिव अरोरा, महापौर विकास शर्मा, विपिन जल्होत्रा, प्रीत ग्रोवर सहित भाजपा के कई पार्षद, पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विज्ञापन

सांसद अजय भट्ट ने इस परियोजना को सरकार की विकासपरक सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार प्रदेश में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है और जल्द ही यह रिंग रोड आम जनता को समर्पित कर दी जाएगी।


