भारतीय मजदूर संघ ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और कंपनी में कार्यरत मजदूरों की लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
रुद्रपुर 25 फरवरी 2025 (समय बोल रहा )
भारतीय मजदूर संघ जिला ऊधम सिंह नगर इकाई द्वारा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की लंबित समस्याओं एवं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने अवगत कराया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से जुड़ी विभिन्न मांगों एवं समस्याओं के समाधान हेतु पूर्व में भी महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री को कई बार अवगत कराया जा चुका है, किन्तु अब तक इन समस्याओं का समुचित समाधान नहीं हो पाया है।
संगठन द्वारा प्रस्तुत प्रमुख मांगों में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय को अन्य राज्यों जैसे हरियाणा, मध्यप्रदेश, दिल्ली एवं हिमाचल प्रदेश के अनुरूप बढ़ाया जाना शामिल है।इसके अतिरिक्त पोषण ट्रैकर एप के संचालन हेतु मोबाइल रिचार्ज पर प्रतिमाह होने वाले व्यय को देखते हुए दी जाने वाली धनराशि में वृद्धि करने की मांग भी की गई है।
साथ ही टी.एच.आर. (टेक होम राशन) की खरीद एवं वितरण स्थानीय स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए पूर्व की भांति माता समितियों के माध्यम से कराए जाने की मांग रखी गई है, जिससे गर्भवती एवं धात्री महिलाओं तथा बच्चों के पोषण स्तर में सुधार हो सके।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में अन्य राज्यों से लाए जा रहे पोषाहार की गुणवत्ता निम्न स्तर की है, जिसे बच्चे ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। अतः ऐसे पोषाहार को तत्काल बंद कर स्थानीय स्तर पर उत्पादित पोषाहार वितरित किए जाने की मांग की गई है।संगठन का कहना है कि इससे न केवल बच्चों के पोषण स्तर में सुधार होगा, बल्कि प्रदेश में स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।
प्राइवेट सेक्टर में भी कार्यरत मजदूरों के वेतन और सुविधाओं को ठीक करने की मांग की गयी जिससे कंपनी में काम कर रहे मजदूरों को पूरी सुविधा मिल सके |
इस दौरान जिला अध्यक्ष देवेंद्र भट्ट, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष ऋषपाल सिंह, जिला मंत्री अजीत सिंह चौहान, अनिल मौर्य, वृंदा , गुरमीत, संतोष देवी, प्रमिला, कविता, ज्योति गिल, निर्मला साहनी, दमयंती चौफाल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
समय बोल रहा, ऊधम सिंह नगर से रिपोर्ट

