उधम सिंह नगर में SSP की बड़ी कार्रवाई: “ऑपरेशन प्रहार” के तहत 208 लोगों का सत्यापन, 64 पर चालान
उधम सिंह नगर 04 अप्रैल 2026(समय बोल रहा)
जनपद में अपराध और असामाजिक तत्वों पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस द्वारा बड़े स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।

एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत जिले के सभी थाना और कोतवाली क्षेत्रों में सघन चेकिंग व कार्रवाई की गई।अभियान के पहले दिन पुलिस ने कुल 208 व्यक्तियों का सत्यापन किया और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण किया।

वहीं पुलिस एक्ट के तहत 64 लोगों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई।इसके अलावा 126/135 बीएनएस के तहत 12 व्यक्तियों पर कार्रवाई, जबकि 126/135/170 बीएनएस के तहत 4 व्यक्तियों पर प्रभावी कार्रवाई की गई।
पुलिस ने गुंडा, असामाजिक तत्वों और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया।अभियान के दौरान 3 वांछित/पेशेवर अपराधियों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई, जिससे जिले में अपराधियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि जिले में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे और आम जनता को सुरक्षित माहौल मिल सके।



