सरकारी जमीन पर कब्जा पड़ा भारी, ग्राम प्रधान की गई पदमुक्ति

IMG 20260325 WA0022

जसपुर 25 मार्च 2026 (समय बोल रहा)

ऊधमसिंह नगर जिले में प्रशासन ने सरकारी भूमि पर अतिक्रमण के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जसपुर विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत भगपुर की महिला ग्राम प्रधान को पद से हटा दिया है। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, ग्राम प्रधान पर आरोप था कि उनके परिवार द्वारा सरकारी भूमि पर कब्जा कर खेती की जा रही थी। मामले की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच कराई, जिसमें राजस्व विभाग और तहसील स्तर की रिपोर्ट में अतिक्रमण की पुष्टि हुई।जांच में यह भी सामने आया कि चुनाव के दौरान दिए गए शपथ पत्र में संबंधित पक्ष द्वारा यह दावा किया गया था कि उनके परिवार का किसी भी सरकारी भूमि पर कब्जा नहीं है, लेकिन जांच में यह तथ्य गलत पाया गया। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए प्रशासन ने उत्तराखंड पंचायतीराज अधिनियम, 2016 के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें पद के लिए अयोग्य घोषित कर दिया।प्रशासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, संबंधित ग्राम प्रधान को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया गया है और ग्राम पंचायत के कार्यों के संचालन के लिए सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) को अस्थायी रूप से जिम्मेदारी सौंपी गई है।इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन की यह कार्रवाई अन्य जनप्रतिनिधियों के लिए भी एक सख्त संदेश है कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।वहीं, प्रशासन का कहना है कि जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *