मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की उत्तराखंड ओबीसी आयोग के कार्यों की समीक्षा
देहरादून 10 फरवरी 2026 (समय बोल रहा)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 10 फरवरी 2026 को सचिवालय में उत्तराखंड अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) आयोग के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राज्य के दोनों मंडलों में ओबीसी कल्याण बहुउद्देशीय/सामुदायिक भवनों के निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रस्तावित बहुउद्देशीय भवनों में बैंक्वेट हॉल, अतिथि गृह, ऑडिटोरियम, प्रशिक्षण कक्ष, बैठक कक्ष सहित अन्य आवश्यक सुविधाएँ शामिल की जाएं, ताकि सामाजिक, शैक्षिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों के संचालन में सुविधा मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को इन भवनों से संबंधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार ओबीसी बहुल क्षेत्रों में विशेष अभियानों के माध्यम से किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ा जा सके।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए।इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया, जिससे समयबद्ध ढंग से लक्ष्यों को पूरा किया जा सके और योजनाओं का वास्तविक लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।

